नारी सशक्त, तो देश आगे बढ़ेगा
बहरागोड़ा : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि शिक्षा ही मनुष्य की पहचान है. मातृभाषा हृदय की भाषा है. देश तभी आगे बढ़ेगा, जब आधी आबादी का विकास होगा. परिवेश की स्वच्छता के साथ मानसिक स्वच्छता भी जरूरी है. श्रीमती मुर्मू शनिवार को खगेंद्रनाथ सतपथी की अध्यक्षता में आयोजित बहरागोड़ा के खंडामौदा ओड़िया हाइस्कूल के प्लेटिनम जुबिली समारोह के उदघाटन कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं.
उन्होंने कहा कि यह विद्यालय एक विद्या का मंदिर है, जो 75 वर्षों से ज्ञान के प्रकाश से अज्ञानता और अंधकार को मिटा रहा है. आजादी के पूर्व इसकी स्थापना करने वाले महापुरुषों और यहां की मिट्टी को नमन करती हूं. हम सभी भाषा सीखें. मगर मातृभाषा की एक अलग पहचान है. मातृभाषा हृदय की भाषा है. उन्होंने कहा कि समाज, राज्य और देश के विकास के लिए जरूरी है कि आधी आबादी (महिलाएं) का विकास हो. परंतु आज महिलाएं पिछड़ रही हैं. जरूरी है कि महिलाओं को आगे बढ़ाया जाये. इनका उत्थान हो. महिलाओं के उत्थान के लिए ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ अभियान चल रहा है.
झारखंड में है शिक्षकों की कमी : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि झारखंड में शिक्षकों की कमी है. स्कूलों में सृजित पद के मुताबिक शिक्षक नहीं हैं. जल्द ही शिक्षकों की कमी पूरी होगी. स्कूलों में भाषा के अनुरूप शिक्षक बहाल होंगे.
