ग्रामीणों की शिकायत पर जिला परिषद अध्यक्ष बुलूरानी सिंह और जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो ने 23, 69,100 की लागत से स्वीकृत सामुदायिक भवन की जांच की गयी,तो पकड़ी गयी गड़बड़ी.
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के माटियाबांधी में जिला परिषद के तहत स्वीकृत 23, 69, 100 की लागत वाले सामुदायिक भवन के निर्माण में भारी घपला किया गया है. संवेदक ने समरसेबुल की बजाय कुंआ बनवा दिया है. भवन की छत पर पानी की टंकी लगी है. परंतु पाइप लाइन नहीं है. जिप अध्यक्ष और सदस्य को ग्रामीण सामुदायिक भवन ले गये और गड़बड़ियों को दिखाया. भवन परिसर में प्राक्कलन के तहत डिप बोरिंग कर समरसेबुल लगाना था.
पाइप लाइन के सहारे पानी छत पर रखी टंकी में पहुंचाना था. परंतु संवेदक ने सिर्फ एक रिंग कुंआ बनवा दिया. भवन में शौचालय का निर्माण भी अधूरा है. अभी तक भवन का हैंड ओवर नहीं हुआ है. भवन की चाबी किसके पास है, ग्रामीण नहीं जानते हैं. इधर, सिमदी में भी निर्मित सामुदायिक भवन में समरसेबुल की बजाय कुंआ बनवाया गया है. जलापूर्ति की व्यवस्था भी नहीं की गयी है. इस संबंध में कनीय अभियंता कृष्णा सिंह ने कहा कि भवन परिसर में बोरिंग सफल नहीं हुआ तो कुंआ का निर्माण किया गया. कुआं में पंप लगा कर जलापूर्ति की व्यवस्था करनी है. अगर ऐसा नहीं हुआ तो जांच होगी.
