दो कंटेनर जब्त, चालक गिरफ्तार
बहरागोड़ा में बायपास से वाहनों को पार करा कर राजस्व को नुकसान पहुंचाने का भंडाफोड़ थाना प्रभारी उत्तम कुमार तिवारी ने किया है. 4 मार्च की रात पुलिस ने डीजीएफसी कंपनी के दो कंटेनरों को बाइ पास सड़क पर जब्त कर चालक अब्दुल हकीम और लियाकत अली को गिरफ्तार किया है.
बहरागोड़ा : गिरफ्तार लोगों रविवार को जेल भेजा जायेगा. पुलिस के पहुंचने के पूर्व गिरोह संगठित होकर 30 वाहनों को पार कराने में सफल रहा. इससे राजस्व में हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ. पुलिस को देख गिरोह के लोग भाग निकले. थाना प्रभारी के बयान पर वाहन पार कराने वाले गिरोह के तीन लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया. अनुसंधान के बाद कई और लोगों पर भी पुलिस मामला दर्ज करेगी.
जानकारी के मुताबिक रात में वाहन पार करवाने वाले गिरोह के लोग 32 वाहनों को पार कराने की योजना बनायी थी. एनएच 33 स्थित मोटल चौक से वाहनों को रांगामाटिया होते हुए महेशपुर में एनएच 33 पर ले जाया जा रहा था. पुलिस को सूचना मिली तो थाना प्रभारी उत्तम कुमार तिवारी दल-बल के साथ पहुंचे. तब तक दलाल 30 वाहनों को पार करा चुके थे. पुलिस ने एचआर 55 के 3402 तथा एचआर 55 वी- 8589 को जब्त कर लिया. दोनों के चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को देख गिरोह के सदस्य भाग निकले.
मामला दर्ज. गिरफ्तार चालकों ने पुलिस को बताया कि वाहनों को स्थानीय युवक प्रसाद सीट, सुशांत नायक और मकरा द्वारा पार कराया जा रहा था. इन तीनों पर पुलिस ने कांड संख्या 13/ 16 भादवि की धारा 420, 406 और 34 तथा मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत नामजद मामला दर्ज किया है.
मामले की छानबीन जारी है. थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.
