मुसाबनी : सुरदा खदान से उत्पादित अयस्क की पिसाई का काम 14 नवंबर की रात से बंद हो गया है. आइआरएल प्रबंधन सूत्रों के अनुसार सुरदा खान के माइनिंग लीज के तहत पर्यावरण विभाग द्वारा इस वर्ष चार लाख टन ताम्र अयस्क उत्पादित करने की अनुमति दी थी.
सुरदा खदान के मजदूरों ने यह लक्ष्य 45 दिन पहले ही प्राप्त कर लिया. इसके कारण सुरदा खदान से ताम्र अयस्क का मुसाबनी के क्रशर प्लांट में परिवहन बंद है. क्रशर में अयस्क नहीं पहुंचने के कारण प्रबंधन ने क्रशर प्लांट को 13 नवंबर की रात से बंद कर दिया है. क्रशर प्लांट के बंद होने से इसमें कार्य करने वाले करीब 160 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं.
आइआरएल प्रबंधन ने करीब चार दर्जन प्लांट के मजदूरों को खदान में स्थानांतरित किया है, जबकि बाकि कर्मचारियों को क्रशर प्लांट के रख रखाव कार्य में लगाया है. जानकारी के अनुसार यह स्थिति पूर्व में भी हुई थी. आइआरएल प्रबंधन वर्ष 2014 में माइनिंग लीज के तहत पर्यावरण विभाग द्वारा अयस्क उत्पादन एवं परिवहन की अनुमति मिलने तक क्रशर मिल को बंद करने की अनुमति के इंतजार की स्थिति में रहेगा.
