बहरागोड़ा . बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ाशोल गांव में शुक्रवार को दिन-दहाड़े सुखेंदु विकास घोष उर्फ पाड़ी के घर से लाखों रुपये के जेवर और नगद चोरी कर चोर फरार हो गये. घटना ने क्षेत्र में पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. पीड़ित सुखेंदु विकास घोष की पत्नी रुपाली घोष ने बताया कि वह सुबह लगभग 10:30 बजे पोस्ट ऑफिस गयी थीं. पति और ससुर बाजार स्थित दुकान पर थे. बच्चे स्कूल गये थे. घर में उनकी सास नीचे के कमरे में थीं. करीब 11 बजे रूपाली लौटीं, तो ऊपर के कमरे का नजारा देखकर दंग रह गयीं. अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था. चोरों ने अलमारी से सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी शंखा, दो जोड़ी पोला, दो कान की बाली और 5000 रुपये नगद चोरी कर लिए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और परिजनों से विस्तृत जानकारी ली. दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों में आक्रोश : इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि दिन दहाड़े इस तरह चोरी पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती है. इसके पहले क्षेत्र में कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है. अब लोग अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
East Singhbhum News : बहरागोड़ा में दिन-दहाड़े घर में घुसे चोर नीचे वृद्धा बैठी थीं, ऊपर लाखों की चोरी
इंचड़ाशोल गांव में घर के सदस्य दुकान और ऑफिस गये थे
