संवाददाता, दुमका: शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरसडंगाल गांव के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में मृत युवक की पहचान हो गयी है. मृतक की पहचान शहरपुर गांव निवासी सरकार हेंब्रम के रूप में हुई है. हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारीपाड़ा में कराया जा रहा है.
साप्ताहिक हाट से लौट रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार सरकार हेंब्रम समेत तीनों युवक सरसडंगाल के साप्ताहिक हाट में आये थे. हाट से लौटने के दौरान गांव के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने दो बाइक को सीधी टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकार हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं दूसरी बाइक पर सवार कुरुमटांड़ गांव के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये.
हादसे के बाद हाइवा चालक फरार
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर रामपुरहाट की ओर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया है. हादसे के बाद पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश में जुट गयी है.
पुलिस घटना के कारणों और हाइवा चालक की पहचान की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों ने भी तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
