संवाददाता, रानीश्वर: दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क के रघुनाथपुर मोड़ पर स्थित एकमात्र चापानल खराब हो जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बस यात्रियों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. चापानल लंबे समय से खराब होकर बंद पड़ा है, जिससे बस पड़ाव पर आने-जाने वाले यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
बस पड़ाव पर रोज पहुंचते हैं यात्री
रघुनाथपुर मोड़ प्रखंड मुख्यालय से जुड़ा प्रमुख स्थान होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है. बस पड़ाव पर बस से यात्रा करने के लिए लोग पहुंचते हैं और बसों से उतरने वाले यात्री भी यहां रुकते हैं.
ऐसे में बस पड़ाव पर पेयजल की एकमात्र व्यवस्था चापानल के खराब होने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.
बार-बार खराब होता है चापानल
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार चापानल में लगे पाइप में लीकेज की वजह से यह बार-बार खराब हो जाता है. उनका कहना है कि यदि पुराने पाइप को हटाकर नये सिरे से पाइप लगाया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए बस पड़ाव पर पेयजल की व्यवस्था बेहद जरूरी है.
पेयजल विभाग से पहल की मांग
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से चापानल की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि चापानल को जल्द चालू कराने से स्थानीय लोगों के साथ बस यात्रियों को भी राहत मिलेगी.
