सड़क का सर्वे हुआ, फिर भी नहीं बनी पक्की सड़क; बारिश में कुमिरदहा-गिरिपुर के लोग बेहाल

रानीश्वर के कुमिरदहा से गिरिपुर तक कच्ची सड़क पर कीचड़ के कारण ग्रामीणों का चलना मुश्किल हो गया है.लोग लंबे समय से पक्की सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं.

प्रतिनिधि, रानीश्वर: बारिश के मौसम में कुमिरदहा से आमपाड़ा होते हुए गिरिपुर तक जाने वाली कच्ची सड़क की हालत बेहद खराब हो गयी है. सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा होने से ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

बारिश के दौरान कच्ची सड़क पर झरने की तरह पानी बहने से मिट्टी बहकर सड़क पर जमा हो गयी है. स्थिति यह है कि इस रास्ते से साइकिल और मोटरसाइकिल चलाना तो दूर, पैदल आवागमन में भी लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

सड़क पर कीचड़, आवागमन हुआ मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश शुरू होते ही कुमिरदहा से गिरिपुर तक की सड़क की स्थिति बिगड़ जाती है. कई जगह सड़क पर इतना कीचड़ जमा है कि लोगों को संभलकर रास्ता पार करना पड़ता है.

सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों को हो रही है. जरूरी काम से बाजार, स्कूल या मुख्य सड़क तक जाने वाले लोगों को भी इसी बदहाल रास्ते से गुजरना पड़ता है.

पक्की सड़क की मांग लंबे समय से, सर्वे के बाद भी काम नहीं

ग्रामीणों ने बताया कि कुमिरदहा से आमपाड़ा, बाघासोला, गिरिपुर होते हुए लकड़ाघाटी तक जाने वाली कच्ची सड़क को पक्की कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है.

ग्रामीणों की मांग पर ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता द्वारा कुमिरदहा से गिरिपुर तक सड़क का सर्वे भी किया गया था. इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

ग्रामीणों का कहना है कि सर्वे के बाद उन्हें सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है.

विस्थापित परिवारों को भी हो रही परेशानी

बताया गया कि कुमिरदहा आदिवासी टोला में मयूराक्षी परियोजना के विस्थापित परिवारों को भी बसाया गया है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यहां रहने वाले लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है.

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है. सड़क पक्की नहीं होने के कारण बारिश का पानी और कीचड़ आवागमन में बड़ी बाधा बन जाता है.

पक्की सड़क बनी तो चार-पांच गांवों को मिलेगा लाभ

ग्रामीणों ने बताया कि कुमिरदहा से गिरिपुर तक पक्की सड़क बन जाने से आसपास के चार-पांच गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.

इससे ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में सहूलियत होगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी भी दूर हो सकेगी.

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने और लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >