प्रतिनिधि, शिकारीपाड़ा: दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क पर मोहलपहाड़ी के पास खड़े हाइवा से बाइक टकराने की दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतकों की पहचान बरमसिया निवासी 27 वर्षीय मकसूद आलम और शहरजोड़ी निवासी 36 वर्षीय अजमेर अंसारी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम दोनों युवक बाइक से शिकारीपाड़ा की ओर से बरमसिया लौट रहे थे. इसी दौरान मोहलपहाड़ी के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा के पीछे उनकी बाइक जा टकरायी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये.
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल बाइक सवारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शिकारीपाड़ा पहुंचाया.
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया गया.
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गयी. हादसे की खबर मिलने के बाद परिजनों में मातम पसर गया.
बताया गया कि दोनों युवक सोमवार देर शाम बाइक से वापस बरमसिया लौट रहे थे. मोहलपहाड़ी के पास खड़े हाइवा से बाइक की टक्कर के बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ.
खड़े हाइवा से टकरायी बाइक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाइवा सड़क पर खड़ा था और इसी दौरान बाइक पीछे से उससे टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये.
हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. दुर्घटना के कारणों और सड़क पर खड़े हाइवा से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटायी जा रही है.
