प्रतिनिधि, सरैयाहाट: करमा पर्व के मौके पर सोमवार को सरैयाहाट थाना क्षेत्र के चिंहुटिया गांव में दर्दनाक हादसा हो गया. गांव निवासी डुगल राय की 12 वर्षीय पुत्री देवांति कुमारी की तालाब में डूबने से मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और पर्व की खुशियां गम में बदल गयीं.
सहेलियों के साथ तालाब में नहाने गयी थी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, देवांति कुमारी अपनी सहेलियों के साथ गांव के समीप स्थित एक तालाब में स्नान करने गयी थी. स्नान करने के बाद उसकी सभी सहेलियां वापस घर लौट गयीं, लेकिन देवांति घर नहीं पहुंची.
काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और तालाब की ओर पहुंचे.
ग्रामीणों की मदद से तालाब में हुई तलाश
परिजनों के साथ ग्रामीणों ने तालाब में बच्ची की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान देवांति को तालाब से बाहर निकाला गया.
इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामले में आवश्यक जानकारी जुटायी.
परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह किया है.
यह भी पढ़ें:
सरडीहा-बेलगुमा सड़क का बदलेगा हाल, 10.30 करोड़ से होगा चौड़ीकरण
परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद देवांति के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की खबर मिलने के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
करमा पर्व को लेकर जहां गांव में उत्सव का माहौल था, वहीं इस हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों की खुशियां मातम में बदल गयीं.
