बासुकिनाथ में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार

जरमुंडी पुलिस ने बासुकिनाथ में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे तीन युवकों को रंगे हाथों पकड़ा. उनके पास से 3.75 ग्राम संदिग्ध पदार्थ, 19,450 रुपये नकद और मोबाइल बरामद हुए. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. बासुकिनाथ में नशे के कारोबार के खिलाफ जरमुंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में सुदर्शन कुमार गोस्वामी (25), पिता उमेश गोस्वामी, ग्राम कुरपट, थाना सबौर, जिला भागलपुर, शशि कुमार उर्फ शशि शेखर (19), पिता पुलिस हरिजन, बासुकिनाथ दया वाटिका के पीछे तथा शिवम गुप्ता (25), पिता स्व. निर्भय किशोर प्रसाद, बासुकिनाथ एनएसी के पीछे, थाना जरमुंडी शामिल हैं.

मार्केटिंग कॉम्पलेक्स में छापेमारी

पुलिस निरीक्षक दयानंद साह ने बताया कि बासुकिनाथ मार्केटिंग कॉम्पलेक्स के पास छापेमारी कर खरीद-बिक्री कर रहे युवकों को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान तीनों युवकों के पास से 3.75 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, 19,450 रुपये नकद, एक एटीएम कार्ड और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार डीएसपी संदीप भगत ने डीडी किट से पदार्थ की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया ब्राउन शुगर पाया गया.

भागने की कोशिश में दबोचे गए

पुलिस निरीक्षक के अनुसार सूचना मिली थी कि बासुकिनाथ मार्केटिंग कॉम्पलेक्स के सुनसान और खंडहरनुमा परिसर के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना डीएसपी संदीप भगत को दी गई. इसके बाद सअनि प्रमोद कुमार सिंह, सअनि गिरिधारी महतो, सअनि निर्मल कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवानों को लेकर गश्ती दल करीब 5.45 बजे मौके पर पहुंचा.

पुलिस ने परिसर की घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे तीन युवकों को पकड़ा गया. करीब 6.10 बजे डीएसपी संदीप भगत भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों की तलाशी ली.

अलग-अलग पुड़ियों में मिला पदार्थ

तलाशी के दौरान सुदर्शन कुमार गोस्वामी के पास से चार पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल मिला. इलेक्ट्रॉनिक मशीन से वजन करने पर पदार्थ का वजन 0.590 ग्राम पाया गया.

शशि कुमार उर्फ शशि शेखर के पास से पीले प्लास्टिक पाउच में आठ पुड़िया बरामद हुईं. इसका वजन 1.240 ग्राम पाया गया. उसके पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल भी मिला.

तीसरे आरोपी शिवम गुप्ता के पास से छह पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जिसका वजन 1.920 ग्राम था. इसके अलावा उसके पास से एसबीआई का एटीएम कार्ड, पर्स में रखे 19,450 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया. तीनों से बरामद पदार्थ का कुल वजन 3.75 ग्राम कागज सहित बताया गया है.

हंसडीहा से खरीदकर बासुकिनाथ में बेचने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हंसडीहा क्षेत्र की ओर से ब्राउन शुगर खरीदकर बासुकिनाथ में स्थानीय युवाओं के बीच बेचते हैं और स्वयं भी इसका सेवन करते हैं. हालांकि पुलिस ने बरामद पदार्थ को जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया ब्राउन शुगर बताया है. आरोपियों के पास बरामद पदार्थ से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले.

एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी

पुलिस ने जब्त सामान को सील कर जब्ती सूची तैयार की. मामले में जरमुंडी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. कार्रवाई जरमुंडी थाना में पदस्थापित पुअनि जमादार मुंडा के लिखित आवेदन पर की गई. पुलिस अब नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >