दुमका–भागलपुर मुख्य पथ पर अमरपुर गांव के पास की कार्रवाई प्रतिनिधि, नोनीहाट दुमका–भागलपुर मुख्य पथ पर सड़क किनारे अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर पंचायत के अमरपुर गांव के पास सड़क किनारे अवैध शराब की बिक्री कर रहे महिला व पुरुषों को उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से भगा दिया. उत्पाद विभाग ने जिले में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया. इसी क्रम में शुक्रवार को चलाये गये अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर प्रेम रंजन कुमार ने किया. अभियान के दौरान दुमका–भागलपुर मार्ग पर अमरपुर के पास सड़क किनारे अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना पर टीम ने त्वरित छापेमारी की. टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच करते हुए अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने का प्रयास किया. अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गयी है. उत्पाद विभाग के सूत्रों के अनुसार, अभियान के दौरान शराब की जब्ती नहीं हो सकी, लेकिन अवैध धंधे में संलिप्त लोगों को सख्त चेतावनी दी गयी है. साथ ही स्पष्ट किया गया कि आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
