रानीश्वर में आंगन में गिरी बिजली, 16 साल की बच्ची की मौत

रानीश्वर प्रखंड के चुआपानी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय सुशीला मरांडी की दर्दनाक मौत हो गई. गांव में मातम का माहौल.

रानीश्वर: रानीश्वर प्रखंड के टोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चुआपानी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 16 वर्षीय बच्ची सुशीला मरांडी की मौत हो गयी. घटना बुधवार देर रात की बतायी जा रही है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

घर के आंगन में गिरी बिजली, मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात क्षेत्र में गरज के साथ तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान चुआपानी गांव निवासी बाबुजी मरांडी की बेटी सुशीला मरांडी वज्रपात की चपेट में आ गयी.

बताया जा रहा है कि वज्रपात घर के आंगन में हुआ, जिसकी चपेट में आने से सुशीला की मौके पर ही मौत हो गयी.

दो बहनों में छोटी थी सुशीला

सुशीला अपने परिवार में दो बहनों में छोटी थी. उसके दो भाई भी हैं. अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की.

आठवीं तक पढ़ाई कर सकी सुशीला

सुशीला ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय चुआपानी में आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी. इसके बाद गांव से काफी दूरी पर हाई स्कूल होने और चुआपानी तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण वह आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख सकी.

ग्रामीणों के अनुसार गांव की भौगोलिक स्थिति और आवागमन की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती रही है.

हादसे से गांव में छाया मातम

16 वर्षीय सुशीला की अचानक वज्रपात से हुई मौत की खबर से पूरे चुआपानी गांव में शोक का माहौल है. कम उम्र में बच्ची की मौत से ग्रामीण भी गमगीन हैं.

परिजन इस हादसे से सदमे में हैं और गांव में हर ओर मातम पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >