दुमका/बासुकिनाथ : जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेमानीपाथर गांव में अंधविश्वास के नाम पर 60 वर्षीय वृद्धा ढेंगी मुर्मू की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार दोपहर बाद की बतायी गयी है. मृतका की बेटी सूरजमुनी हांसदा के फर्दबयान पर तालझारी थाना में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को निरूद्ध करने के साथ छह महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
डायन बताकर घर से बाहर खींचकर ले जाने का आरोप
पुलिस को दिये फर्दबयान में सूरजमुनी हांसदा ने बताया कि वह अपनी मां के साथ घर पर थी. इसी दौरान गांव के कुछ लोग हाथ में लाठी-डंडा लेकर उसके घर पहुंचे और उसकी मां को डायन बताते हुए गाली-गलौज करने लगे. आरोप है कि माकोड़ी हांसदा और चिलागुनी हांसदा ने वृद्धा से कहा कि चंद्रू किस्कू का पैर बीमार है और वह उसे ठीक करे. इसके बाद दोनों ने वृद्धा के बाल पकड़कर उसे घर से बाहर निकाला और अपने घर की ओर खींचकर ले जाने लगे.
बचाने पहुंची बेटी को भी अलग कर दिया
बेटी ने जब मां को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपितों ने वृद्धा को दरवाजे के सामने पटक दिया और लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी. बेटी के मां को बचाने के लिए उस पर गिरने पर आरोपितों ने उसे खींचकर अलग कर दिया और उसके दोनों हाथ पकड़ लिए. इसके बाद सभी ने मिलकर वृद्धा की पिटाई की. सिर में चोट लगने के बाद वृद्धा बेहोश हो गयी. फर्दबयान में आरोप है कि इसके बावजूद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट जारी रही.
मौत के बाद भी बेटी को शव के पास रखने का आरोप
सूरजमुनी ने पुलिस को बताया कि गांव के बालकू हांसदा, चंदन हांसदा और सुखलाल हांसदा अपने दरवाजे पर बैठे थे और मारपीट के दौरान कथित तौर पर ''और मारो-मारो'' कह रहे थे. आरोप है कि वृद्धा की मौत के बाद भी बेटी को अंधेरा होने तक शव के पास बंधक बनाकर रखा गया. उसे पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गयी. आरोपितों के चले जाने के बाद ग्रामीणों की मदद से परिवार ने पुलिस को घटना की सूचना दी.
शाम 7:20 बजे दर्ज किया गया फर्दबयान
तालझारी थाना के एसआई अक्षय कुमार ने हेड कांस्टेबल देवीलाल मानांडी के सहयोग से शाम करीब 7:20 बजे नेमानीपाथर गांव स्थित मृतका के घर के सामने सूरजमुनी हांसदा का फर्दबयान दर्ज किया. प्राथमिकी में मुखोजी किस्कू, चिनाकुड़ी हांसदा, लोंगाई हांसदा, गाड़े हांसदा, जांती हांसदा, शांति जोंड एवं रसिया हांसदा को नामजद किया गया है.
छह महिला अभियुक्त व एक नाबालिग गिरफ्तार
जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर मामले में टीम का गठन किया गया था. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को निरूद्ध किया गया है. उन्होंने बताया कि मामले में तीन-चार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभी शेष है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मामले की जांच जारी है.
