आंगनबाड़ी पोषाहार आपूर्ति पर प्रशासन की नजर, औचक जांच में कई गड़बड़ियां उजागर

प्रशासन की औचक जांच में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार आपूर्ति करने वाली कई दुकानों में अनियमितताएं मिलीं. जीएसटी जमा न करने व बिलों में जानकारी के अभाव पर नोटिस...

रानीश्वर : बीडीओ सह सीडीपीओ राजेश कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार की आपूर्ति करनेवाली कई दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों के नियमित रूप से संचालित नहीं होने, बिल पर आवश्यक जानकारी दर्ज नहीं होने तथा पोषाहार आपूर्ति के एवज में प्राप्त राशि के अनुसार जीएसटी जमा नहीं किये जाने की जानकारी सामने आयी. मामले को लेकर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. बीडीओ सह सीडीपीओ ने बताया कि उन्हें सूचना मिल रही थी कि सरकारी योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार की आपूर्ति करनेवाले कुछ दुकानदारों द्वारा राशि प्राप्त करने के बाद नियमानुसार जीएसटी फाइल नहीं किया जा रहा है. इसी शिकायत के सत्यापन के लिए दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया.

शंकर भंडार में दूसरे की दुकान, किराये के कमरे में रखा था सामान

जीवनपुर मोड़ स्थित शंकर भंडार के निरीक्षण के दौरान पता चला कि दुकान के नाम से एक कमरा किराये पर लेकर उसमें कुछ सामान रखा जाता है, जबकि संबंधित स्थान पर दुकान किसी अन्य व्यक्ति की है. बीडीओ के अनुसार शंकर भंडार के नाम से आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा प्रतिमाह करीब चार लाख रुपये से अधिक की राशि के अभिश्रव कार्यालय में उपलब्ध कराये जाते हैं. ऐसे में दुकान के वास्तविक संचालन और पोषाहार आपूर्ति की व्यवस्था को लेकर जांच की जा रही है.

दीपक भंडार बंद मिला, जीएसटी को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं

सुखजोड़ा पंचायत स्थित दीपक भंडार का निरीक्षण करने पर दुकान बंद मिली. दुकान मालिक दीपक मंडल से पूछताछ की गयी. उन्होंने बताया कि उनकी दुकान से करीब 30 आंगनबाड़ी केंद्रों में लगभग सवा लाख रुपये का पोषाहार आपूर्ति किया जाता है. दुकान में फिलहाल सामान नहीं होने के कारण दुकान बंद रहने की बात कही गयी. पोषाहार आपूर्ति के एवज में प्राप्त राशि के अनुसार जीएसटी जमा किये जाने के संबंध में पूछताछ करने पर दुकानदार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.

मंडल स्टोर के संचालक नहीं मिले

गोबिंदपुर पंचायत स्थित मंडल स्टोर का भी बीडीओ सह सीडीपीओ ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के समय दुकान संचालक अशोक मंडल मौजूद नहीं थे. उनकी पत्नी, जो स्वयं आंगनबाड़ी सेविका हैं, ने बताया कि उनके पति सामान वितरण के लिए दूसरे पंचायत गये हैं. बताया गया कि मंडल स्टोर के माध्यम से करीब दो लाख रुपये का पोषाहार आपूर्ति किया जाता है. इसके अलावा सिंह किराना स्टोर और रिया स्टोर का भी निरीक्षण किया गया.

बिल पर न मोबाइल नंबर, न जीएसटी नंबर

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ दुकानें वास्तव में नियमित रूप से संचालित नहीं होती हैं. दुकानों के नाम से छपाये गये अभिश्रव में न तो दुकान का मोबाइल नंबर अंकित है और न ही जीएसटी नंबर. बीडीओ सह सीडीपीओ के अनुसार प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ प्रतिष्ठानों के नाम से केवल आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार आपूर्ति के लिए अभिश्रव छपवाये गये हैं. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. संबंधित सभी दुकानदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है. नोटिस का जवाब मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >