काठीकुंड : झारखंड सरकार के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है. उनके निधन की खबर से झामुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई.
पार्टी और झारखंड की राजनीति को अपूरणीय क्षति : नलिन सोरेन
दुमका के सांसद नलिन सोरेन ने सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी और झारखंड की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक कर्मठ, समर्पित और जुझारू नेता थे. संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा. उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता को भर पाना आसान नहीं होगा. सांसद ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की.
झामुमो परिवार ने कर्मठ साथी और झारखंड ने सक्रिय जनप्रतिनिधि खोया : आलोक सोरेन
शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार सोरेन ने भी मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और संगठन के मजबूत स्तंभ थे. उनके निधन से झामुमो परिवार ने एक कर्मठ साथी और झारखंड ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया है. विधायक ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
7 सितंबर का धरना-प्रदर्शन अगले आदेश तक स्थगित
इधर, झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन से पार्टी के सभी स्तर के नेता एवं कार्यकर्ता मर्माहत और शोक संतप्त हैं. शोक के इस कठिन समय को देखते हुए 07 सितंबर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.
सभी जिला व महानगर पदाधिकारियों को निर्देश
पार्टी ने सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक प्रमुख, महानगर अध्यक्ष एवं महानगर संयोजकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिया है. सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के निधन पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
