रिंकू अभिषेक क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा क्वार्टर फाइनल रानीगंज टीम ने जीता

रोमांचक टी-20 मुकाबले में रानीगंज टीम ने डीएमसीसी को 28 रन से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.

बासुकिनाथ. रिंकू अभिषेक क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत शनिवार को बासुकिनाथ बस स्टैंड स्थित खेल मैदान में तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला रानीगंज टीम और डीएमसीसी टीम के बीच खेला गया. रोमांचक टी-20 मुकाबले में रानीगंज टीम ने डीएमसीसी को 28 रन से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. टॉस जीतकर रानीगंज टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 189 रन बनाए. टीम की ओर से रवि कुमार ने 30 गेंदों में 52 रन तथा आशु खान ने 19 गेंदों में 38 रनों की धुआंधार पारी खेली. डीएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में रोबिन ने 3.4 ओवर में 32 रन देकर 5 विकेट, जबकि अमरजीत राय ने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएमसीसी टीम 19.1 ओवर में 161 रन पर सिमट गयी. डीएमसीसी की ओर से अमित मंडल ने 34 गेंदों में 43 रन और गुफरान ने 20 गेंदों में 38 रनों की जुझारू पारी खेली. रानीगंज की गेंदबाजी में महफूज आलम ने 3.1 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट, जबकि मंतोष राम ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए रानीगंज टीम के महफूज आलम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्हें यह पुरस्कार सामाजिक कार्यकर्ता भवानी सिकदार, शंभू पंडा तथा आयोजक समिति के अध्यक्ष मनोज पंडा एवं सुबोध पंडा द्वारा प्रदान किया गया. आयोजक समिति के अध्यक्ष मनोज पंडा ने बताया कि रविवार को टूर्नामेंट का चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला आरके ट्रेडर्स गिरिडीह और महावीर 11 टीम के बीच खेला जाएगा. मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहकर क्रिकेट का आनंद लेते नजर आए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >