चंंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पीएम्स वाइफ को मिला फेस्टिवल स्पेशल मेंशन अवार्ड

चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी तक किया गया, जिसमें विश्व के 101 देशों से आयी 1205 चयनित फिल्मों का प्रदर्शन हुआ.

दुमका. कोटा राजस्थान में आयोजित चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में झारखंड दुमका के लेखक-निर्देशक राहुल रंजन की हिंदी फिल्म पीएम्स वाइफ को फेस्टिवल स्पेशल मेंशन अवार्ड से सम्मानित किया गया. यह सम्मान फिल्म को मिले दर्शकों की पसंद और सामाजिक विषयवस्तु की प्रभावी प्रस्तुति को देखते हुए प्रदान किया गया. चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी तक किया गया, जिसमें विश्व के 101 देशों से आयी 1205 चयनित फिल्मों का प्रदर्शन हुआ. इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच पीएम्स वाइफ ने अपनी अलग पहचान बनायी और फेस्टिवल जूरी के साथ-साथ दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया. गौरतलब है कि इससे पहले भी पीएम्स वाइफ विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में चयनित होकर चर्चा में रही है. चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिला यह सम्मान फिल्म की निरंतर बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत माना जा रहा है. फेस्टिवल के दौरान देश-विदेश से आए कई फिल्ममेकर्स ने फिल्म की विषयवस्तु और इसके ट्रीटमेंट को सराहा. फिल्म की कहानी एक सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़ी महिला के संघर्ष को केंद्र में रखती है, जिसे संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया गया है. यही कारण रहा कि फेस्टिवल में मौजूद बड़ी संख्या में महिला दर्शकों ने फिल्म से गहरा जुड़ाव महसूस किया और टीम की सराहना की. लेखक-निर्देशक राहुल रंजन ने कहा कि चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिला यह अवार्ड पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने बताया कि फिल्म अभी भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में शामिल होने की प्रक्रिया में है और आगे के मंचों पर भी दर्शकों से इसी तरह के प्यार की उम्मीद है. पीएम्स वाइफ के जरिए झारखंड की कहानी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने का प्रयास लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है. बता दें कि इस फिल्म के निर्माता पंकज गुप्ता हैं. लेखक एवं निर्देशक राहुल रंजन हैं. सिनेमैटोग्राफी उन्मेष कबरे ने की है. आर्ट डायरेक्शन प्रफुल्ल शिर्के और जिनेश मैसुरिया का है. एडिटिंग कामेश कर्ण ने की है. संगीत और बैकग्राउंड स्कोर बर्जिन कांट्रैक्टर ने दिया है. फिल्म में बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र के कलाकारों ने अभिनय किया है. मुख्य भूमिकाओं में पंकज गुप्ता, शिखा शर्मा, राहुल रंजन, सत्यकाम आनंद, दिरा रंजन, दीप्ति रंजन, शरण मक्कर, पूर्णिमा सिंह, सौरभ शर्मा सहित कई कलाकार नजर आते हैं. फिल्म में बिहार-झारखंड की लोक संस्कृति को दर्शाते हुए लोक गीतों को भी शामिल किया गया है. दुमका के साहित्यकारों के गीत फिल्म को स्थानीय रंग प्रदान करते हैं. डॉ मधुसूदन मधु का गीत “चिट्ठिये से जानिह तू हाल बबुआ” और डॉ नवीन चंद्र ठाकुर का गीत “किसनवा किसनवा” फिल्म को और प्रभावशाली बनाते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >