सरैयाहाट : पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय ककनी के 30 छात्र-छात्राओं को सुभद्रा चेरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में भुवनेश्वर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया. भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान-विज्ञान, नवाचार एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित कराते हुए उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था.
शैक्षणिक और वैज्ञानिक संस्थानों का किया भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने भुवनेश्वर स्थित विभिन्न शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण किया. इस दौरान उन्हें संबंधित संस्थानों की गतिविधियों, विज्ञान एवं नवाचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं. विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों को करीब से समझा और नई जानकारियां हासिल कीं.
भ्रमण से बच्चों में विकसित होती है सीखने की क्षमता
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों में सीखने की क्षमता विकसित होती है. साथ ही, इससे उनका मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है और सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
शिक्षकों ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न स्थलों की जानकारी देने और मार्गदर्शन के लिए विद्यालय के विज्ञान शिक्षक संजय कुमार शील तथा आईसीटी इंस्ट्रक्टर राजीव कुमार मंडल को प्रतिनियुक्त किया गया था. विद्यार्थियों ने भ्रमण के दौरान नई चीजों को जानने और समझने के साथ अपने अनुभव भी साझा किए.
