प्रतिनिधि, रानीश्वर: रानीश्वर प्रखंड के पीएचसी आसनबनी में पदस्थापित लैब टेक्नीशियन राम सिंह के करीब चार साल से अधिक समय से दुमका में प्रतिनियुक्ति पर रहने के कारण स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था प्रभावित हो रही है. लैब टेक्नीशियन के नहीं रहने से यहां मरीजों और गर्भवती महिलाओं के खून की जांच का काम एएनएम के भरोसे चल रहा है.
वहीं, पीएचसी बांसकुली और आमजोड़ा में भी लैब टेक्नीशियन के पद रिक्त हैं. इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक जांच की सुविधा मिलने में परेशानी हो रही है.
एएनएम के भरोसे खून की जांच
पीएचसी आसनबनी में लैब टेक्नीशियन की अनुपस्थिति के कारण मरीजों के साथ-साथ गर्भवती माताओं की रक्त जांच में भी परेशानी हो रही है. स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन उपलब्ध रहने से आसपास के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर आवश्यक खून की जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकती है.
ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में लैब जांच की सुविधा मरीजों के इलाज और गर्भवती महिलाओं की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है.
हर महीने 9 तारीख को होता है विशेष स्वास्थ्य जांच कैंप
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक महीने की 9 तारीख को सीएचसी और पीएचसी में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष कैंप आयोजित किया जाता है.
कैंप में डॉक्टर द्वारा स्वास्थ्य जांच के बाद लैब टेक्नीशियन के माध्यम से रक्त जांच का प्रावधान है. इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और वजन आदि भी जांचा जाता है.
लेकिन आसनबनी, बांसकुली और आमजोड़ा में डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है. हालांकि कैंप के दिन आसनबनी में शिकारीपाड़ा से एक डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति की जाती है.
रानीश्वर सीएचसी में तीन लैब टेक्नीशियन कार्यरत
जानकारी के अनुसार, सीएचसी रानीश्वर में एनआरएचएम के तहत एक लैब टेक्नीशियन, आउटसोर्सिंग से एक तथा एक अन्य लैब टेक्नीशियन कार्यरत हैं. इसके विपरीत पीएचसी स्तर पर लैब टेक्नीशियन की कमी बनी हुई है.
ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में जांच की सुविधा बेहतर करने के लिए रिक्त पदों को भरने और लंबे समय से प्रतिनियुक्त कर्मियों को मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजने की जरूरत महसूस की जा रही है.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा- वापस लौटने से होगी सुविधा
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नदियानंद मंडल ने बताया कि पीएचसी आसनबनी में पदस्थापित लैब टेक्नीशियन राम सिंह फिलहाल दुमका में प्रतिनियुक्ति पर हैं. उन्होंने कहा कि उनके आसनबनी वापस लौटने से मरीजों को जांच की सुविधा उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी.
