सरस्वती पूजा पर डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं

प्रभात खबर टोली, दुमका सरस्वती पूजा को शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा अश्लील और फूहड़ गानों के प्रसारण पर सख्त रोक होगी. जामा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी अजीत कुमार ने सभी पूजा पंडालों के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. उन्होंने कहा कि यह आदेश विधि-व्यवस्था, शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की ओर से सभी पूजा पंडालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके. इधर, मसलिया थाना परिसर में गुरुवार को आयोजित शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी रंजन यादव ने की. बैठक में पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने पूजा समितियों और प्रबुद्ध नागरिकों को निर्देश दिया कि सरकारी नियमों का पालन अनिवार्य है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अंचलाधिकारी ने पूजा पंडालों में शांति बनाए रखने, शोर-शराबे से बचने और पूजा समिति द्वारा स्वयंसेवक रखने की अपील की. चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित समिति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. बैठक में थाना प्रभारी राजेश रंजन, एसआई सुभान मुर्मू, चेतन किस्कू, अशीत वरण गोलदार, जगदीश टुडू, प्रदीप भगत, नूरे आलम, भुवन नंदी, सत्यनारायण टुडू, सदानंद आजाद, शिवनाथ बेसरा, दरोगा अंसारी, जयदेव राय, विपिन मंडल, कार्तिक राय सहित अन्य उपस्थित थे. वहीं रामगढ़ थाना परिसर में बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह अंचल अधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने की. उन्होंने कहा कि रामगढ़ प्रखंड में हर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की परंपरा रही है, जिसे बनाए रखना प्रशासन और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने पूजा पंडालों में धीमी आवाज में लाउडस्पीकर बजाने तथा डीजे और अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की बात कही. थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी मिल-जुलकर त्योहार मनायें. उन्होंने प्रतिमा विसर्जन 24 जनवरी को ही सुनिश्चित करने, विसर्जन के दौरान शराब सेवन से बचने और डीजे पर प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया. नियमों की अनदेखी करने वाली पूजा समितियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गयी. बैठक में दिवाकर मंडल, योगेंद्र प्रसाद भगत, नवनीत शेखर, राजेश कुमार गुप्ता, जयप्रकाश अग्रवाल, योगेंद्र प्रसाद साह, चंद्रशेखर सोरेन उपस्थित थे. सरैयाहाट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ राहुल कुमार शानू ने की. बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे पर अश्लील गाने बजाने और तेज आवाज में संगीत चलाने पर सख्त पाबंदी रहेगी. यदि किसी भी पूजा पंडाल या जुलूस में डीजे पर अश्लील गीत या अत्यधिक ध्वनि में संगीत बजता पाया गया, तो डीजे सिस्टम को जब्त कर लिया जाएगा और संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व पूजा में बाधा डालने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो, खबर या वीडियो साझा करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी, वहीं ऐसे मामलों में ग्रुप एडमिन के विरुद्ध भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. बैठक में अनंतलाल चौधरी, सत्यनारायण यादव, जगदीश यादव, भोला यादव, महबूब अंसारी, हबीब अंसारी, पुरुषोत्तम सिंह, समीम अंसारी, प्रभूदयाल शर्मा, मतीन अंसारी, श्रीपति यादव, सुधांशु मिश्रा, महेश मंडल, शिवजी साह, मुर्तजा अंसारी, मुख्तार अंसारी, दिलीप साह, प्रमोद कुमार पाठक, अनिल यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >