पड़िहारपुर गांव में हुआ हादसा
रानीश्वर. थाना क्षेत्र के पड़िहारपुर गांव में शनिवार दोपहर तालाब के पानी में डूबने से शादीशुदा एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान उत्तम पहाड़िया (28) के रूप में हुई है. वह सादीपुर का रहने वाला था.
ससुराल में रह रहा था उत्तम
मृतक की सास संतोषी पहाड़िया ने बताया कि उनके दामाद उत्तम पहाड़िया ससुराल पड़िहारपुर में रह रहे थे. करीब पांच साल पहले उत्तम की शादी उनकी बेटी के साथ हुई थी.
स्नान करने गया था तालाब
बताया गया कि शनिवार दोपहर उत्तम तालाब में स्नान करने गया था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन तालाब में उसकी खोजबीन करने पहुंचे. खोज के दौरान उत्तम पानी में मिला.
सीएचसी में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
ससुराल वालों ने उत्तम को तालाब से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शव सीएचसी में रखा गया
समाचार भेजे जाने तक उत्तम पहाड़िया का शव सीएचसी में रखा हुआ था. सीएचसी में उसके ससुराल वाले पहुंचे हुए थे, जबकि समाचार भेजे जाने तक मृतक के घरवाले नहीं पहुंचे थे.
