सरकारी नौकरी वाले पति, फिर भी लिया मंईयां सम्मान का लाभ ; जांच के बाद तीन लाभुकों ने लौटाए 1.24 लाख

झारखंड की मंईयां सम्मान योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वाले तीन लोगों ने ब्याज सहित 1.24 लाख रुपये वापस किए. प्रशासन ने अन्य को भी नोटिस जारी किया है.

रानीश्वर : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वाले तीन लाभुकों ने ब्याज सहित कुल 1 लाख 24 हजार 880 रुपये वापस कर दिये हैं. तीनों लाभुकों ने डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से राशि प्रखंड कार्यालय में जमा की. यह राशि बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा के माध्यम से सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दुमका के नाम भेज दी गयी है.

जांच में अनियमितता पर, लाभुकों को जारी हुआ नोटिस

बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन कराया था. जांच के दौरान ऐसे मामले सामने आये, जिनमें लाभुकों के पति या पिता सरकारी नौकरी में होने के बावजूद योजना का लाभ लिया जा रहा था. इसके बाद संबंधित लाभुकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था. नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाये जाने के बाद पांच लाभुकों को योजना के तहत प्राप्त राशि ब्याज सहित वापस करने का नोटिस दिया गया था. इनमें से तीन लाभुकों ने राशि वापस कर दी है, जबकि दो अन्य लाभुकों को राशि जमा करने के लिए पुनः नोटिस जारी किया गया है.

ब्याज सहित लाभुकों ने लौटायी राशि

मीतु कुमारी, जिनके पति रेलवे में कार्यरत हैं, ने ब्याज सहित 60,480 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा किया. वहीं, शिल्पी चक्रवर्ती, जिनके पति सरकारी शिक्षक हैं, ने ब्याज सहित 30,800 रुपये तथा रिया घोष, जिनके पति भी सरकारी शिक्षक हैं, ने ब्याज सहित 33,600 रुपये वापस किये. तीनों लाभुकों से प्राप्त राशि को मिलाकर कुल 1 लाख 24 हजार 880 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट प्रखंड कार्यालय में जमा हुआ. बीडीओ के माध्यम से यह राशि सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दुमका के नाम भेज दी गयी है.

दो अन्य लाभुकों को पुनः नोटिस जारी

प्रखंड प्रशासन की ओर से योजना के तहत प्राप्त राशि वापस नहीं करने वाले दो अन्य लाभुकों को पुनः नोटिस जारी किया गया है. उन्हें योजना के तहत प्राप्त राशि ब्याज सहित जमा करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद योजना के लाभुकों के बीच भी हलचल है. वहीं, प्रखंड क्षेत्र में योजना के लाभुकों के सत्यापन की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >