दुमका के काठीकुंड से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट
Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. दुमका–पाकुड़ मुख्य पथ पर नकटी गांव स्थित प्रकाश वाटर सर्विसिंग सेंटर में एक अनियंत्रित यात्री बस जा घुसी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
दुमका से पाकुड़ जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार मिथिलांचल नाम की 42 सीटर यात्री बस दुमका से पाकुड़ की ओर जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में यात्री भी सवार थे. इसी दौरान नकटी गांव के पास अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और तेज रफ्तार बस सड़क किनारे स्थित प्रकाश वाटर सर्विसिंग सेंटर में जा घुसी. बस के अचानक सर्विसिंग सेंटर में घुसने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
पहले कार से टकराई, फिर दीवार तोड़कर गिरी नीचे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनियंत्रित बस सबसे पहले सर्विसिंग सेंटर परिसर में खड़ी मालिक की कार से टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पास की दीवार तोड़ते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरी. वहीं बस सर्विसिंग सेंटर के अंदर फंसकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के समय यदि सर्विसिंग सेंटर में अधिक लोग मौजूद होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रित किया. हादसे के बाद कुछ देर तक मुख्य सड़क पर लोगों की भीड़ लगी रही, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक साथ बदल दिए गए 201 डीएसपी
लोगों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर अक्सर तेज गति से बसें और अन्य भारी वाहन चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: रांची पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मोबाइल लूट कांड में दो बदमाश गिरफ्तार
