प्रतिनिधि, रानीश्वर : बारिश शुरू होते ही रानीश्वर प्रखंड के दक्षिणजोल पंचायत के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. जामजुड़ी-धाधका गांव से फाजिलपुर होते हुए आसनबनी जानेवाली कच्ची सड़क बरसात में कीचड़ से लबालब हो गयी है. हालात ऐसे हैं कि इस रास्ते पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि साइकिल और बाइक से आवागमन फिलहाल लगभग बंद हो गया है.
कीचड़ में तब्दील सड़क, आसनबनी जाना हुआ मुश्किल
ग्रामीणों के अनुसार जामजुड़ी गांव से फाजिलपुर होते हुए आसनबनी जाने वाला रास्ता दूरी के लिहाज से काफी सुविधाजनक है. बारिश में सड़क कीचड़ से भर जाने के कारण ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है.
ग्रामीण साक्षी साहा ने बताया कि इस सड़क का किसी भी फंड से पक्कीकरण करा दिया जाये तो ग्रामीणों की वर्षों पुरानी परेशानी दूर हो सकती है. इससे आसनबनी बाजार आने-जाने में भी काफी सुविधा होगी.
दूसरी पक्की सड़क भी बदहाल, पत्थर उखड़ने से बढ़ा खतरा
ग्रामीणों की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती. प्रतापपुर-खटंगी होते हुए आसनबनी जानेवाली पक्की सड़क भी जर्जर हो चुकी है. सड़क से जगह-जगह पत्थर उखड़ गये हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. बारिश के दौरान इस सड़क पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.
बोराडंगाल-आसनबनी सड़क की हालत भी खराब
बोराडंगाल होते हुए आसनबनी तक जानेवाली सड़क की स्थिति भी खराब है. गांव से बोराडंगाल तक सड़क कई जगह जर्जर हो चुकी है और पत्थर उखड़ जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है.
ग्रामीणों ने जामजुड़ी से फाजिलपुर नहर तक कच्ची सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि इस हिस्से के पक्के हो जाने से बारिश में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और आसनबनी बाजार तक पहुंचना आसान होगा. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है.
