शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार प्रतिनिधि, सरैयाहाट सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बैंगनी गांव में मामूली विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महरू यादव (55) की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गयी. जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नूनधन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संबंध में सुकसागर यादव ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि गुणसागर यादव के टोटो से उनके मवेशी को धक्का लग गया था, जिससे टोटो का आगे का शीशा टूट गया. इसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ. आरोप है कि गुणसागर यादव ने अपनी गाड़ी वहीं खड़ी कर सुकसागर यादव के घर से मवेशी खोलकर ले गया. कुछ देर बाद नूनधन यादव हाथ में फरसा लेकर सुकसागर यादव के घर के पास घूमने लगा. इस पर महरू यादव ने कहा कि पहले मामले का फैसला होने दिया जाये, उसके बाद ही टोटो ले जाने देंगे. इसी बात से नाराज होकर नूनधन यादव ने गाली-गलौज करते हुए फरसा से महरू यादव के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया. उनका सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा था. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया. इसके बाद घायल महरू यादव को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें देवघर रेफर कर दिया. हालत गंभीर होने के कारण देवघर से बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. रांची में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव गांव पहुंचते ही शोक का माहौल गहरा गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
