गोपीकांदर: गोपीकांदर थाना क्षेत्र की ओड़मो पंचायत के ओड़मो टोला में रविवार सुबह पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा. पति और उसकी दोनों पत्नियों के बीच हुई मारपीट में तीनों घायल हो गए.
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीकांदर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. पंचम लाल एवं एएनएम श्वेता हांसदा ने प्राथमिक उपचार किया. उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया.
घायलों में ओड़मो गांव निवासी 40 वर्षीय नरेश मरांडी, उनकी पहली पत्नी 36 वर्षीय बहामती हेंब्रम तथा दूसरी पत्नी 38 वर्षीय मार्शिला मुर्मू शामिल हैं. बताया जाता है कि परिवार में पहले से ही विवाद की स्थिति बनी रहती थी.
रविवार सुबह किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें तीनों को चोटें आईं. इलाज के बाद तीनों गोपीकांदर थाना पहुंचे और एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
