गोपीकांदर. दुमका जिला के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में पति-पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या के बाद पूरा गांव मातम में डूबा हुआ है. दोनों पति-पत्नी का पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने सोमवार की शाम अंतिम संस्कार कर दिया है. हत्या को लेकर मंगलवार को रांची से तीन सदस्यीय फोरेंसिक जांच टीम पहाड़पुर गांव पहुंची. इस टीम में जहांगीर, अभिषेक कुमार साहू और सुमित कुमार शामिल थे. जानकारी के मुताबिक फोरेंसिक टीम ने हत्या वाली जगह पर और आंगन में बिखरे खून के धब्बों में सैम्पल जुटाया. कमरे के अंदर कई ऐसे साक्ष्य जुटाये गये, जो हत्या के राज को खोल सकेंगे. पुलिस ने हत्या वाले दिन ही हत्या में प्रयुक्त चाकू और दावली को जब्त कर सुरक्षित रखा है. सूत्रों की मानें तो दावली और चाकू में फिंगरप्रिंट हत्या का खुलासा करेगा. थाना प्रभारी रंजीत मंडल ने बताया कि पुलिस जमीन विवाद से लेकर अन्य सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घर को सील रखा गया है. टीम के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के प्रवेश में रोक लगायी गयी है. पुलिस ने कई सबूत जुटाए हैं. गोपीकांदर थाना में बेरोनिका के पिता डॉक्टर हेम्ब्रम के फर्द बयान पर अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पहाड़पुर गांव के पति-पत्नी हत्या मामले में बताया जा रहा है कि सोमवार को गांव के ही ऊपर टोला में भोज का कार्यक्रम था. इस भोज में पति मोहन और पत्नी बेरोनिका को किसी ने नहीं देखा था. मोहन गांजा का सेवन करता था. बीच-बीच में पति-पत्नी में लड़ाई भी होती थी. पुलिस और ग्रामीण इस बात पर फंसे हुए हैं कि घटना के समय बेरोनिका सिर्फ अपने आप को बचाने की गुहार लगायी थी. जबकि मोहन की आवाज तक नहीं आयी थी. घायलावस्था में मोहन को कई बार घटना के बारे में पूछा गया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
