नकली पुलिस बनकर महिला दुकानदार से वसूली का प्रयास, धमकी

झारखंड के मसलिया में नकली पुलिस बनकर महिला दुकानदार से वसूली करने आए दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रतिनिधि, मसलिया

मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में शनिवार को खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला दुकानदार से कथित रूप से वसूली करने और धमकाने के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. ग्रामीणों की सतर्कता और मसलिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों संदिग्धों को पुलिस कब्जे में लिया गया. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक चारपहिया वाहन से गांव पहुंचे और स्वयं को देवघर जिले की पुलिस का जवान बताकर एक विधवा महिला दुकानदार एवं उसके पुत्र से पूछताछ करने लगे. महिला के पुत्र निरंजन को उन पर उस समय संदेह हुआ, क्योंकि कुछ माह पहले भी नकली पुलिस बनकर कुछ बदमाशों ने उनके यहां लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. संदेह होने पर निरंजन ने मोबाइल से दोनों का वीडियो बनाना शुरू किया. कैमरा देखते ही दोनों युवक पुलिसिया रौब दिखाने लगे, जिससे उनका शक और गहरा गया. इसी बीच घर के एक सदस्य ने गुप्त रूप से मसलिया थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी. सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. तब तक ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर भागने से रोक रखा था. पुलिस ने दोनों युवकों को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया. मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के लिए सीमा गोराई को भी पूछताछ हेतु थाना बुलाया गया है. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों ने समय पर पहुंचकर कार्रवाई करने के लिए मसलिया पुलिस की सराहना की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

मिलन कुमार साधु वर्ष 2010 से प्रभात खबर से जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत मसलिया प्रखंड के दलाही प्रतिनिधि के रूप में की थी. वर्तमान में वे प्रभात खबर के मसलिया प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के संकलन एवं प्रकाशन में उनकी विशेष रुचि रही है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >