बिजलीविहीन टोले-मुहल्ले में बिजली के कनेक्शन पहुंचाने में जुटा विभाग

पीएम सूर्यघर बिजली योजना का लाभ दिलाने का अधिकारियों को टास्क. जिन टोले-मुहल्ले में बिजली नहीं पहुंची है. जो नये बसे हैं] वहां बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करानी है.

दुमका. झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने दुमका एरिया बोर्ड के उन इलाकों में बिजली पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है, जिन टोले-मुहल्ले में बिजली नहीं पहुंची है. ये ऐसे टोले-मुहल्ले हैं, जो नये बसे हैं और वहां बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं करायी जा रही है. दुमका एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक ई राकेश प्रसाद ने बताया कि ऐसे टोले-मुहल्ले को दो कैटेगरी में बांटा गया है. एक तो वैसे टोले, जहां 10 से कम हाउसहोल्ड हैं और दूसरा वह जहां 10 से अधिक हाउसहोल्ड हैं. दुमका जिले में 10 से अधिक हाउसहोल्ड वाले 35 टोले हैं, जबकि 10 से कम हाउसहोल्ड वाले 187 टोले. पाकुड़ में ऐसे टोले क्रमश: 95 व 14, जामताड़ा में 45 व 08 तथा साहिबगंज में सर्वाधिक 123 व 45 टोले हैं. महाप्रबंधक ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना को भी बेहतर ढंग से क्रियान्वित करके उपभोक्ताओं को उसका लाभ पहुंचाने की योजना बनायी गयी है. प्रचार-प्रसार के अलावा पदाधिकारियों के स्तर पर प्रशिक्षण भी आयोजित हो चुका है. इस योजना के तहत सरकार से अनुदान की भी सुविधा उपलब्ध है. लिहाजा बेहद आसान तरीके से लोग मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं. महाप्रबंधक ने बताया कि इसके लिए रूफ टॉप सोलर पैनल लगवाने के लिए जिलावार लक्ष्य भी तय किये गये हैं. साहिबगंज में 1928, पाकुड़ में 1197, दुमका में 707 व जामताड़ा में 173 लक्ष्य निर्धारित है. अब तक 10 हजार से अधिक कंज्यूमर लगवा चुके स्मार्ट मीटर : महाप्रबंधक ई राकेश प्रसाद ने बताया कि राजस्व संग्रहण में सुविधा, बिजली की चोरी रोकने व पारदर्शी व्यवस्था लाने के मकसद से सभी विद्युत उपभोक्ताओं के बिजली वाले मीटर बदले जा रहे हैं और स्मार्ट मीटर लगवाया जा रहा है. तीन माह के अंदर 10 हजार उपभोक्ताओं के यहां पुराने मीटर को हटाकर नये स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. पूरे एरिया बोर्ड में डेढ़ लाख मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इस लक्ष्य को जल्द हासिल करने के लिए अब विभाग मुहल्ले की बजाय फीडरवार मीटर लगाने का काम शुरू करेगा. इससे प्रत्येक फीडर में शत-प्रतिशत स्मार्ट मीटर कवरेज को सुनिश्चित किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि कोलकाता की बेंटेक इंडिया को स्मार्ट मीटर लगाने का दायित्व दिया है. सिविल सोसायटी दुमका का प्रतिनिधिमंडल जीएम से मिला : सिविल सोसायटी दुमका का प्रतिनिधिमंडल महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता ई राकेश प्रसाद से मिलकर निर्बाध रूप से बिजली उपलब्ध कराने, कवर्ड तार सभी इलाके में लगवाने और बिजली कनेक्शन का आवेदन देने वालों को तुरंत बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल में सिविल सोसायटी दुमका के उपाध्यक्ष प्रेम केशरी, सचिव संदीप कुमार जय बमबम, कार्यकारिणी सदस्य मनोज भालोटिया, लक्ष्मी नारायण साह, कुंदन कुमार आदि उपस्थित रहे. प्रतिनिधिमंडल को महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि सभी समस्या का समाधान शीघ्रातिशीघ्र करा दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAKESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >