दुमका : नॉर्थ वैली इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के उपलक्ष्य में ‘ईट राइट’ (सही खाएं) विषय पर एक दिवसीय पोषण एवं स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में चिकित्सक डॉ ऋषि केशरी उपस्थित थे.
संतुलित आहार से बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ ऋषि केशरी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संतुलित आहार, सही पोषण तथा स्वस्थ दिनचर्या के महत्व की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने सरल और व्यावहारिक भाषा में पोषण विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों को समझाया. उन्होंने कहा कि उचित पोषण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव है.
जंक फूड से बचने की दी सलाह
डॉ केशरी ने कहा कि स्वस्थ खान-पान की आदतें आगे चलकर बेहतर भविष्य, ऊर्जा और तंदुरुस्ती तय करती हैं. उन्होंने स्थानीय मौसमी खाद्य पदार्थों के पोषण मूल्य पर जोर देते हुए छात्रों को जंक फूड से बचने और सोच-समझकर भोजन चुनने की सलाह दी.
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर स्कूल का जोर
विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योत्सना भारद्वाज ने कहा कि स्कूल का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है. विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर भी उतना ही ध्यान दिया जाता है. उन्होंने मार्गदर्शन के लिए डॉ केसरी के प्रति आभार जताया और कहा कि इस तरह के सत्र बच्चों में ताउम्र स्वस्थ आदतें बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं.
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यशाला में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक सार्थक कदम बताया.
