प्रतिनिधि, काठीकुंड : झारखंड शिक्षा परियोजना के सहयोग से सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट, भुवनेश्वर की पहल पर दुमका जिले के 90 छात्र-छात्राएं शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए कोलकाता रवाना हुए. विद्यार्थियों ने वंदे भारत एक्सप्रेस से दुमका से हावड़ा तक की यात्रा की. भ्रमण दल में तीन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ छह शिक्षक भी शामिल हैं.
तीन विद्यालयों के विद्यार्थी हुए शामिल
शैक्षणिक भ्रमण में प्लस टू नेशनल स्कूल, दुमका, मध्य विद्यालय तपसी तथा बुनियादी विद्यालय रसिकपुर के विद्यार्थी शामिल हैं. वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता जाने को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. विद्यालय के शिक्षक भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद हैं.
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का करेंगे भ्रमण
कोलकाता पहुंचने के बाद विद्यार्थियों को शहर के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. इस दौरान विद्यार्थी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर उनके इतिहास, संस्कृति और महत्व की जानकारी प्राप्त करेंगे.
प्रत्यक्ष अनुभव से बढ़ेगी सीखने की क्षमता
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान और प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है. इसके माध्यम से विद्यार्थियों को देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ उनकी जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में पहल
सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट की इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह है. शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने भी इसे विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं यादगार अनुभव बताया.
