दुमका के छात्रों को बड़ी सौगात! 7.54 करोड़ से बनेगा आधुनिक पुस्तकालय, बदलेगी तस्वीर

7.54 करोड़ की लागत से दुमका में आधुनिक जिला पुस्तकालय का होगा निर्माण . प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा लाभ.

दुमका. जिले के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है. दुमका में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेट ऑफ द आर्ट जिला पुस्तकालय का निर्माण होगा. इस प्रोजेक्ट के लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने 7 करोड़ 54 लाख 53 हजार 871 रुपये का टेंडर जारी किया है. एजेंसी को निर्माण कार्य 365 दिनों के भीतर पूरा करना होगा.

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों को मिलेगा लाभ

स्टेट ऑफ द आर्ट जिला पुस्तकालय के निर्माण से जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधायें मिलने की उम्मीद है. खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह पुस्तकालय उपयोगी साबित हो सकता है. आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय में विद्यार्थियों को शांत और व्यवस्थित अध्ययन का वातावरण उपलब्ध कराने की योजना है.

दुमका संताल परगना का प्रमंडलीय मुख्यालय और प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है. जिले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. ऐसे में आधुनिक पुस्तकालय की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे.

राजकीय पुस्तकालय में भी पहुंचते हैं 500 से अधिक विद्यार्थी

दुमका में राजकीय पुस्तकालय भी है, जहां पिछले पांच साल में सुविधाओं के लगातार विस्तार के बाद पांच-छह सौ विद्यार्थी नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने पहुंच रहे हैं. ऐसे में आधुनिक जिला पुस्तकालय का निर्माण शैक्षणिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जिले के विद्यार्थियों को अध्ययन, संदर्भ सामग्री और पुस्तक संबंधी सुविधाओं के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है. इससे विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्हें घर पर अध्ययन के लिए पर्याप्त संसाधन या अनुकूल वातावरण उपलब्ध नहीं हो पाता है.

श्रीरामकृष्ण आश्रम उच्च विद्यालय परिसर में निर्माण की उम्मीद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जिला पुस्तकालय के निर्माण के लिए श्रीरामकृष्ण आश्रम उच्च विद्यालय परिसर में खाली पड़ी जमीन का चयन किया गया है. विद्यालय परिसर में पहले से ही कई विकास कार्य चल रहे हैं. प्लस टू में उत्क्रमित होने के बाद एक ओर जहां विद्यालय में अतिरिक्त वर्गकक्षों का निर्माण हो रहा है, वहीं डायट के लिए मल्टीपर्पज बिल्डिंग, हॉस्टल और क्वार्टर का निर्माण भी कराया जा रहा है.

अब इसी परिसर में आधुनिक जिला पुस्तकालय के निर्माण की चर्चा है. बता दें कि स्कूल का परिसर कुल 17 बीघा और 17 कट्ठे में फैला हुआ है.

एकलव्य फिटकोरिया में भी बनेगा पुस्तकालय

दुमका जिले के काठीकुंड में संचालित एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल फिटकोरिया में भी विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गयी है. इसके लिए 11 लाख 81 हजार 710 रुपये की लागत से टेंडर निकाला गया है. पुस्तकालय निर्माण का काम तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

दो साल पहले ही इस स्कूल का संचालन शुरू हुआ है. पुस्तकालय सहित अन्य संसाधनों की कमी को दूर करने की दिशा में अब पहल की जा रही है. पुस्तकालय बनने से स्कूल के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए किताबें और अध्ययन का बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >