प्रतिनिधि, रानीश्वर
रघुनाथपुर-बरमसिया पथ के आसनबनी बाजार से चापुड़िया होते हुए दिगलपहाड़ी डैम तक जाने वाली पक्की सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो गयी है. करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह से पत्थर उखड़ गये हैं, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी जमा हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई स्थानों पर ग्रामीणों ने अपने घरों के सामने बने गड्ढों में पत्थर और डस्ट डालकर अस्थायी मरम्मत की है. इस सड़क से दिगलपहाड़ी डैम जाने वाले पर्यटकों के अलावा चापुड़िया, दिगलपहाड़ी, पहाड़पुर और कैराबनी गांवों के लोगों का प्रतिदिन आना-जाना होता है.
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता द्वारा सड़क के मजबूतीकरण के लिए सर्वे किया गया था, लेकिन अब तक कार्य की स्वीकृति नहीं मिल सकी है.
इधर, दिगलपहाड़ी डैम के ऊपर बनी कच्ची सड़क की हालत भी खराब हो चुकी है. इस रास्ते का उपयोग पर्यटक भ्रमण के साथ-साथ ग्रामीण आवागमन के लिए भी करते हैं. सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे हो गये हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है. इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
स्थानीय लोगों ने आसनबनी से दिगलपहाड़ी डैम तक की जर्जर पक्की सड़क की मरम्मत कराने तथा डैम के ऊपर बने कच्चे रास्ते का पक्कीकरण कराने की मांग प्रशासन और विभाग से की है.
