झारखंड @25. डीडीसी ने की राज्य स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर की चर्चा

शहर में रन फॉर झारखंड, सेल्फी ब्रिज में बाइक रैली तथा बासुकिनाथ एवं मसानजोर में साइकिल रैली का आयोजन होगा.

दुमका. उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि जिले एवं प्रखंड स्तर पर झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस वर्ष का थीम “झारखंड @25” रहेगा. उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को “रन फॉर झारखंड” का आयोजन किया जाएगा, जिसके रूट प्लान की जिम्मेदारी सहायक समाहर्ता नाजिश उमर अंसारी को दी गयी. कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार हेतु जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. वहीं सभी विभागों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार एलईडी वैन के माध्यम से जिले के सुदूर क्षेत्रों में करने का निर्देश दिया गया. साथ ही पर्यटन स्थलों पर भी विशेष आयोजन होंगे. सेल्फी ब्रिज में बाइक रैली, बासुकिनाथ एवं मसानजोर में साइकिल रैली आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा 14 नवंबर को गांधी मैदान में जात्रा कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसकी जिम्मेदारी जेएसएलपीएस विभाग को दी गयी. जनसंपर्क विभाग को नुक्कड़ नाटक आयोजित करने का निर्देश दिया गया. जिला शिक्षा पदाधिकारी को बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु वॉल पेंटिंग, निबंध, एवं आर्ट प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश दिया गया. जबकि इसी क्रम में 12 नवंबर को ब्लड डोनेशन कैंप तथा 13 नवंबर को एटीम ग्राउंड में क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा. 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा. बैठक में सहायक समाहर्ता के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >