ऊंची पहाड़ी पर बसे दुर्गा मंदिर की बदली तस्वीर

19.82 लाख से बना परिसर, सीढ़ी, रेलिंग व बैठने की व्यवस्था की गयी बेहतर

सरैयाहाट. सरैयाहाट प्रखंड के मटिहानी गांव स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर अब नये रूप में निखर रहा है. पर्यटन विभाग की पहल पर करीब 19.82 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया है. इससे न केवल मंदिर की भव्यता बढ़ी है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा भी बेहतर हुई है. करीब 120 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहले पहुंचना आसान नहीं था. ढलान और असमतल रास्ते के कारण खासकर बरसात में फिसलन और दुर्घटना का खतरा बना रहता था. अब इस समस्या को दूर करने के लिए स्थायी कार्य कराये गये हैं. परियोजना के तहत आरसीसी की मजबूत और घुमावदार सीढ़ियां बनायी गयी हैं. रेलिंग और ढलान वाले हिस्सों में चेनयुक्त सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. परिसर में बैठने के लिए कुर्सियां लगायी गयी हैं. पीसीसी कार्य से जमीन को समतल किया गया है. इससे मंदिर तक पहुंचना अब पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है. पर्यटन की संभावनाएं बढ़ीं ऊंचाई पर स्थित होने के कारण मंदिर से आसपास का दृश्य आकर्षक नजर आता है. सौंदर्यीकरण के बाद यहां श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों की भी आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह स्थल आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है. ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक प्रदीप यादव और पर्यटन विभाग की सराहना की है. साथ ही मंदिर तक बेहतर सड़क और प्रकाश व्यवस्था की भी मांग उठायी है, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को और सुविधा मिल सके. मटिहानी दुर्गा मंदिर का यह कायाकल्प क्षेत्र को नयी पहचान देने के साथ सरैयाहाट को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >