आरबीडब्ल्यू को हराया, बीडीएस को पांचवीं बार मिली केपीएल ट्रॉफी

फाइनल मुकाबले की जीत के साथ ही बीडीएस ने केपीएल सीजन-9 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. पांचवीं बार बीडीएस ने ट्रॉफी अपने नाम की.

काठीकुंड. केपीएल सीजन-9 का समापन मुकाबला मंगलवार को दर्शकों की भारी भीड़ के बीच खेला गया. फाइनल मुकाबला बीडीएस और आरबीडब्ल्यू के बीच खेला गया. टॉस जीतकर बीडीएस ने विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. आरबीडब्ल्यू की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 110 रन बनाए. शाहनवाज ने 39 रनों की अहम पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. वहीं बीडीएस की ओर से आतिफ जावेद ने कसी हुई और अनुशासित गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 5 रन देकर 3 विकेट झटके और आरबीडब्ल्यू की रन गति पर ब्रेक लगाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीडीएस की टीम ने शुरुआत से संयम बनाए रखा. टीम के कप्तान मो आरिफ ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 20 गेंदों में नाबाद 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत बीडीएस ने महज 8.3 ओवर में लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. फाइनल मुकाबले की जीत के साथ ही बीडीएस ने केपीएल सीजन-9 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. पांचवीं बार बीडीएस ने ट्रॉफी अपने नाम की. विजेता टीम को 50 हजार रुपये की नकद पारितोषिक राशि एवं चमचमाती ट्रॉफी सांसद प्रतिनिधि जोन सोरेन एवं केपीएल के अध्यक्ष दिवाकर कुमार द्वारा प्रदान की गयी. उपविजेता आरबीडब्ल्यू टीम को 30 हजार रुपये की नकद पारितोषिक राशि जेएमएम के वरिष्ठ कार्यकर्ता गौरीशंकर भगत तथा केपीएल कमेटी के कयूम अंसारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विकास रंजन द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान की गयी. 56 रन बनाने और एक विकेट लेने वाले बीडीएस के कप्तान मो आरिफ को मैन ऑफ द मैच के रूप में 2000 रुपये की पारितोषिक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. पूरे टूर्नामेंट में 388 रन बनाने और 17 विकेट झटकने के लिए उन्हें मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी दिया गया, जिसके तहत 3000 रुपये एवं बल्ला प्रदान किया गया. साथ ही 388 रनों के लिए ऑरेंज कैप, 50 छक्कों के लिए मोस्ट सिक्सेस ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार एवं ट्रॉफी पर भी आरिफ ने कब्जा जमाया. आरबीडब्ल्यू के चंद्रदेव को 18 विकेट झटकने के लिए पर्पल कैप प्रदान किया गया. बेस्ट फील्डर का पुरस्कार बीडीएस के आतिफ जावेद को मिला. बेस्ट विकेटकीपर के रूप में बीडीएस के कमाल को सम्मानित किया गया. बेस्ट कैच का पुरस्कार बीडीएस के ताज को प्रदान किया गया. मोस्ट फोर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब आरबीडब्ल्यू के बल्लेबाज तेजू अंसारी को मिला. पावर हिटर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए ब्लैक पैंथर के बल्लेबाज नीतेश को चुना गया, वहीं टूर्नामेंट के उभरते हुए खिलाड़ी के रूप में ब्लैक पैंथर के वाजिद अंसारी को बल्ला देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर खेल के साथ सामाजिक सरोकार का भी संदेश दिया गया. ग्लोकल ब्लड बैंक दुमका द्वारा डायरेक्टर वाजिद अंसारी की अगुआई में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 20 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया. इस दौरान उपस्थित लोगों को रक्तदान की आवश्यकता, इसके महत्व और मानव जीवन की रक्षा में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. प्रतियोगिता आयोजन में केपीएल कमेटी के सचिव गगन वर्मा, सदस्य सब्बीर अंसारी, मुजम्मिल, अवधेश, अय्याज, याबुल, मुस्तफिज, शाहिद, अताउल अंसारी सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >