हटायी गयी प्राइवेट सिक्युरिटी एजेंसी की सेवा, संदर्भ में आदेश जारी
दुमका : दुमका जिले में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों-कार्यालयों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से होमगार्ड की सेवायें पहली जनवरी से ली जायेगी. सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार साहा ने बताया कि इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिये गये हैं. अपर मुख्य सचिव के आदेश के तहत एक सौ तीस होमगार्ड की सेवायें सुरक्षा गार्ड व रात्रि प्रहरी के रूप में ली जायेगी. डॉ साहा ने बताया कि इसके लिए झारखंड गृह रक्षा वाहिनी दुमका के जिला समादेष्ठा के साथ एक एमओयू भी कर लिया गया है. प्रत्येक चार माह के अंतराल पर पुराने होमगार्ड बदल दिये जायेंगे तथा उनके स्थान पर नये होमगार्ड कार्य पर आयेंगे. होमगार्ड की सेवायें आउटसोर्शिंग पर ली जायेगी.
सदर अस्पताल में 24 होमगार्ड होंगे तैनात
सिविल सर्जन डॉ विनोद साहा ने बताया कि एमओयू के अनुरूप 24 होमगार्ड को दुमका सदर अस्पताल में, 2 को सिविल सर्जन कार्यालय में, 2 को जिला यक्ष्मा केंद्र में, आरसीएच व ब्लड बैंक में 1-1, सदर प्रखंड में 6, जामा में 9, जरमुंडी में 14, सरैयाहाट में 9, रामगढ़ में 15, काठीकुंड में 8, गोपीकांदर-शिकारीपाड़ा में 10-10, रानीश्वर में 12 तथा मसलिया में 7 होमगार्ड तैनात किये जायेंगे.
