अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा सम्मेलन का आयोजन
हरिद्वार में महासभा को संबोधित करते महासभा के रविकांत मिश्रा.
बासुकिनाथ : हरिद्वार में आयोजित अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा सम्मेलन में महासभा के वरीय सक्रिय सदस्य रविकांत मिश्रा ने कहा कि सरकार धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ न करे. संपूर्ण भारतवर्ष से हरिद्वार में जमा हुए पुरोहितों को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने बाबा फौजदारीनाथ की महत्ता से सभी को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि सरकार देश के तीर्थ स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना चाहती है जो पुरातन धार्मिक व्यवस्था पर कुठाराघात है. तीर्थस्थलों में पुरोहितों के पुरोहिताई पर भी संकट आनेवाली है. सरकार डाक घरों के माध्यम से लोगों को गंगाजल उपलब्ध कराने को सोच रही है इसका विरोध होना चाहिए. सरकार का यह सोच धार्मिक भावनाओं के साथ न केवल खिलवाड़ बल्कि यह मजाक प्रतीत होता है.
वर्तमान समय में यमुना विलीन हो रही है जबकि अरबों रुपये की बजट के बाद भी गंगा की सफाई नहीं हो पायी है. श्री मिश्रा ने पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पाठक के माध्यम से सरकार के समक्ष पुरोहित समाज एवं धार्मिक मुद्दों को प्रमुखता के साथ रखने की मांग की. उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भारत के सभी तीर्थ स्थलों को रेलवे मार्ग से जोड़े जाने के मुद्दे को गंभीरतापूर्वक रखा गया. सम्मेलन के माध्यम से भारत सरकार से इसकी मांग की गयी. पुरोहित सभा के रविकांत मिश्रा, पंडित राजु झा, प्रेमशंकर झा, मंतोष झा, अरविंद झा, जितेंद्र झा, संदीप पांडेय, रूपेश झा, कुंदन झा, संजय झा सहित विभिन्न तीर्थस्थलों के पुरोहित उपस्थित थे.
