प्रस्तावित 8 से 10 रुपये आवासीय इस्तेमाल की भूमि व मकान पर 4 से 6 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के टैक्स हुआ खारिज
बिजली खंभों पर पूर्व में लगाये गये एनर्जी सेवर ट्यूब लाइटों को बदलने और छूटे हुए खंभों पर लाइट लगाने की मिली स्वीकृति
सरकारी बस पड़ाव जमीन पर मल्टीप्लेक्स बनाने का सुझाव
दुमका : शहरी क्षेत्र में स्व घोषणा के आधार पर संपत्ति के मूल्य के जगह वर्ग फीट और मुख्य सड़क के दूरी के आधार पर होल्डिंग टैक्स बढ़ाने के लिए लाये गये एजेंडे को नगर परिषद बोर्ड ने खारिज कर दिया है. बुधवार को हुए नगर परिषद बोर्ड के बैठक में शहरी क्षेत्र में व्यवसायिक इस्तेमाल के जमीन या भूमि पर प्रस्तावित 8 से 10 रुपये और आवासीय इस्तेमाल के भूमि एवं मकान पर 4 से 6 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के होल्डिंग टैक्स के नये दर को अनुमोदन नहीं किया गया. वार्ड पार्षदों का कहना है कि दुमका शहर की आर्थिक स्थिति के मुताबिक किसी तरह से भी इस तरह से कर निर्धारण उचित नहीं है.
इसी आधार पर बोर्ड ने टैक्स का पुर्नमूल्यांकण का आग्रह नगर विकास विभाग से किया है और नयी दरों का अनुमोदन नहीं किया है. शहर में बिजली खंभों पर पूर्व में लगाये गये एनर्जी सेवर ट्यूब लाइटों को बदलने और छूटे हुए खंभों पर लाइट लगाने को बोर्ड की बैठक में मंजूरी दे दी गयी है. नगर विकास विभाग से नियुक्त कंपनी ने बोर्ड के बैठक में डीपीआर प्रस्तुत किया जिसमें बताया गया है कि शहर में 1720 पुराने लाइट हैं जिसे एलइडी लाइट से बदलने की जरूरत है. जबकि खाली पड़े 1260 खंभों में भी एलइडी लाइट लगाने का प्रस्ताव दिया गया. जिसे बोर्ड ने पारित कर दिया है.
वार्ड नंबर 2, 3, 6 में डीप बोरिंग से किये जानेवाले पानी के आपूर्ति के बाधित होने और उसे दुरूस्त करने के वार्ड पार्षदों के आग्रह पर तय किया गया कि खराब मोटर या ऑपरेटर नहीं रहने से बंद पड़े तीनों डीप बोरिंग को जरूरी मरम्मति करवा कर चालू करवाया जायेगा. नगर परिषद कार्यालय में तीन फेज लाइन लेने को भी बोर्ड ने मंजूरी दे दी है. एक फेज लाईन के कारण नगर परिषद के एसी नहीं चल रहे थे. एजेंडा नंबर 5 पथ प्रकाश और साफ सफाई से संबंधित था जिसपर कोई चर्चा नहीं की गयी.
नगर परिषद बोर्ड के बैठक में पहला एजेंडा मल्टीप्लेक्स निर्माण ही था जिसके लिए विजयपुर में जमीन प्राप्त करने पर चर्चा की गयी जिसे अधिकांश वार्ड पार्षदों ने शहर से अधिक दूरी के आधार पर खारिज कर दिया. सरकारी बस पड़ाव की जमीन प्राप्त कर वहां मल्टीप्लेक्स बनाने का सुझाव दिया गया. यह भी सुझाव आया कि प्राईवेट बस स्टैंड के साथ ही मल्टीप्लेक्स का भी निर्माण करवाया जाये. नगर परिषद बोर्ड के बैठक में अध्यक्ष अमिता रक्षित,
उपाध्यक्ष विनोद कुमार लाल एवं विशेष सचिव बीपीएल दास, कार्यपालक पदाधिकारी नीरज कुमार, वार्ड पार्षद पवन कुमार केशरी, तरूण कुमार साहा, अरबी खातून, कृष्णा देवी, मन्जु मोदी, मनोज दारूका, दीपक कुमार, शोभा राउत, किशोरेन्द्र दास, नरेन्द्र साह आदि शामिल हुए.
नप बोर्ड की बैठक करते नप अध्यक्ष अमिता रक्षित व अन्य पदाधिकारी.
