बेहोशी की हालत में मिली युवती सामूहिक दुष्कर्म की आशंका
शिकारीपाड़ा : दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पत्थर औद्योगिक क्षेत्र सरसडंगाल के एक होटल के पीछे से एक युवती को बेहोशी की हालत में बरामद किया गया. आशंका जतायी जा रही है कि इस युवती को कोई नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है. शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अजय केशरी ने […]
शिकारीपाड़ा : दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पत्थर औद्योगिक क्षेत्र सरसडंगाल के एक होटल के पीछे से एक युवती को बेहोशी की हालत में बरामद किया गया. आशंका जतायी जा रही है कि इस युवती को कोई नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है. शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अजय केशरी ने बताया कि युवती को इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. ऐसा प्रतीत होता है कि युवती को कोई नशीली चीज खिलायी-पिलायी गयी है.
कपड़े देखकर प्रतीत हो रहा है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है. मारने की भी कोशिश हुई है. सिर पर जख्म के निशान भी मिले हैं. हम उसके होश में आने का इंतजार कर रहे हैं. युवती के मेडिकल रिपोर्ट के लिए रिक्वीजिशन दिया गया है और उसके उम्र के बारे में भी चिकित्सक से रिपोर्ट मांगी है. आशंका के मुताबिक यदि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है तो प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की जायेगी.
पीड़िता कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं
बताया जा रहा है कि मंगलवार को होटल के समीप से गुजर रहे कुछ लोगों ने गैर आदिवासी युवती को बेहोशी अवस्था में देख पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुंचे एसआइ कमेश्वर प्रसाद ने लोगों की मदद से उसे शिकारीपाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया जहां से रेफर किये जाने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया. शाम के वक्त पुलिस इंस्पेक्टर अजय केशरी स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे. युवती की स्थिति में थोड़ा सुधार था, पर वह अभी बोल पाने की स्थिति में नहीं थी. महिला पुलिस को उसकी मदद के लिए तैनात किया गया है.
घटनास्थल पर संदिग्ध चीजें बरामद
जिस होटल के पीछे युवती पड़ी हुई मिली है वह होटल अक्तूबर 2016 से ही बंद पड़ा हुआ है. पुलिस ने युवती की बरामदगी के बाद जब छानबीन की तो देखा कि होटल में दो खाट के अलावा एक महिला की सैंडिल, पुरुष की चप्पल थी और कुछ मूढ़ी बिखरा था.