आदिवासियों को एकजुट करने व संगठन को धार देने की कवायद
देवघर/दुमका : सीएम रघुवर दास के प्रमंडलीय बजट पूर्व संगोष्ठी के बाद अब पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी संताल परगना के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. पांच को वे उपराजधानी दुमका पहुंचेंगे व छह को गोड्डा जिले में पार्टी कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे. उसके बाद सात दिसंबर को श्री मरांडी देवघर आयेंगे. देवघर में वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान वे संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. उक्त जानकारी झाविमो के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य पिंटू अग्रवाल ने दी.
उधर, संताल परगना में एसपीटी एक्ट में संशोधन का मामला गरम है. एक ओर जहां सीएम रघुवर दास ने एसपीटी-सीएनटी एक्ट के संशोधन को आदिवासी हित में बताया है. वहीं विपक्षी खेमा संशोधन को लेकर आदिवासियों को एकजुट करने में लगा है. चाहे झामुमो हो या कांग्रेस हो या झाविमो, हर दल के शीर्ष नेताओं का संताल दौरा हो रहा है. अभी हाल ही में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन दुमका और बरहेट का दौरा करके गये हैं. सोमवार से झाविमो सुप्रीमो का दौरा हो रहा है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत भी संताल के दौरे पर छह दिसंबर से हैं. ऐसे में हर दल की नजर संताल के आदिवासियों पर है. सभी दल इस मुद्दे को कैश करने की कवायद में जुटे हैं.
पांच को दुमका, छह को गोड्डा व सात को देवघर में
पार्टी के कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
