शिकारीपाड़ा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन में गड़बड़झाला
शिकारीपाड़ा : प्रखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन में किस तरह का गड़बड़झाला चल रहा है, उसका खुलासा हाल ही में शुरू कराये गये भौतिक सत्यापन से हुआ है. अब तक प्रखंड के 2289 समाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों में से 988 लाभुकों के बारे में भौतिक सत्यापन किया गया, जिसके परिणाम चौकाने वाले थे. लगभग बीस प्रतिशत अर्थात 183 लाभुक मृत पाये गये. जबकि उनके खाते मे पेंशन की राशि लगातार भेजी जा रही थी. शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित बैठक में मुखिया,
पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवकों को बीडीओ अरविंद कुमार ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गलत तरीके से किये जा रहे भुगतान से एक ओर जहां सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है, वहीं दूसरी ओर योग्य व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित रह जा रहे हैं. बीडीओ श्री कुमार ने शेष बचे सभी पेंशनधारियों का भी भौतिक सत्यापन करने तथा मृतकों के नाम से भेजे जा रहे पेंशन को बंद करवाने का निर्देश पंचायत सचिवो को दिया.
पंचायत सचिव व रोजगार सेवकों को प्रखंड के 104 केन्द्र के भवन निर्माण के लिए अभिलेख उपस्थापित करने, ग्रामसभा से अनुमोदित प्रति गांव में 15 डोभा की सूची देने का निर्देश दिया. मौके पर मनरेगा के सहायक अभियंता अनंत कुमार भंडारी, प्रभारी बीपोआरओ काबिल अंसारी तथा मुखिया, पंचायत सचिव व रोजगार सेवक उपस्थित थे.
