हंसडीहा : हंसडीहा थाना क्षेत्र के लकड़बांक में धोबै नदी के किनारे से पुलिस ने बुधवार को एक शव बरामद किया है. युवक का शव नदी किनारे बालू में गड़ा हुआ था. उसकी पहचान 30 वर्षीय सुभाष मांझी के तौर पर की है. जानकारी के मुताबिक मृतक के भाई निवास मांझी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को गांव के मोतीलाल दर्वे के घर में उसका भाई धनकटनी के लिए गया हुआ था, पर वहां से घर वापस नहीं लौटा.
पूछने पर दर्वे ने बताया कि काम के बाद उसका भाई वापस घर के लिए चला गया था. बुधवार की सुबह एक चरवाहा से पुलिस को सूचना मिली कि नदी के किनारे कुत्ते भुक रहे हैं. बालू को हटाने से उसके नीचे से सुभाष मांझी का शव मिला जिसे बाद में पुलिस ने कब्जे में ले लिया.
पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर मोतीलाल दर्वे समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या कर शव को बालू में गाड़ देने का मामला दर्ज करवाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजवाया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. मृतक की भाई की मानें तो आपसी रंजिश में यह हत्या की गयी है.
