दुमका : जिले के पुलिस अधीक्षक अनूप टी मैथ्यू ने बताया कि दुमका जिले को अब तक पांच कंपनी फोर्स मिल चुका है. जितने सुरक्षा बलों की मांग जिले से की गयी है, उतना सुरक्षा बल हमें मिलने की उम्मीद है. संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में एसपी ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान जारी है. जितने सुरक्षा बल मिले हैं, उससे अभियान को हम और तेजी से चलायेंगे.
हाल ही में नक्सलियों से दो मुठभेड़ हुए हैं. अभियान को बेहतर रणनीति के साथ जारी रखा जायेगा. एसपी ने बताया कि संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों को लेकर ठोस रणनीति बनायी जा रही है. जिसके तहत पोलिंग पार्टी के आरओपी, पैदल या वाहन से आने-जाने को लेकर योजना बन रही है. उन्होंने बताया कि इस रणनीति की ब्रीफिंग भी की जायेगी तथा बाहरी फोर्स को ‘सेंसिटाइज’ भी किया जायेगा. एसपी ने बताया कि चुनाव को लेकर लगभग तैयारी पूरी की जा चुकी है.
पुलिस बलों को दिया जा चुका है प्रशिक्षण
एसपी ने बताया कि पिछले तीन चुनावों में नक्सली घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस बलों को लैंड माइंस से बचने के लिए आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जा चुका है.
बम डिफ्यूज टीम भी रहेगी तैनात
श्री मैथ्यू ने बताया कि दुमका जिले में चुनाव के दौरान बस डिस्पोजल टीम भी तैनात रहेगी. संदिग्ध वस्तुओं को देखकर उन्होंने लोगों से सूचना देने की अपील की. कहा कि यह टभ्म ऐसी स्थिति में बम डिफ्युज करने का काम करेगी.
