Dhanbad News: भौंरा में गला रेतकर युवक की हत्या, श्मशान घाट के यात्री शेड में मिला शव
Dhanbad News: होरिलाडीह तीन नंबर का रहनेवाला था मृतक दिलशाद अंसारी
Dhanbad News: होरिलाडीह तीन नंबर का रहनेवाला था मृतक दिलशाद अंसारी
-लोदना क्षेत्र की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में हॉलपैक चालक था
-प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला होने की आशंकामृतक दिलशाद अंसारी का फाइल फोटो.
Dhanbad News: भौंरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला लाल बंगला श्मशान घाट स्थित यात्री शेड में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान होरिलाडीह तीन नंबर निवासी दिलशाद अंसारी (22) के रूप में हुई. अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी. सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी सौरभ सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने मौके से मृतक की बाइक, खून के नमूने, खाद्य पदार्थ, सिगरेट, माचिस, शराब की बोतल का ढक्कन, चप्पल सहित अन्य सामान बरामद किये हैं. ओपी प्रभारी सौरभ सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जतायी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा.
दोस्त के साथ धनबाद जाने की बात कह निकला था घर से
मृतक के चाचा वसीम ने बताया कि दिलशाद रविवार रात करीब आठ बजे अपनी बाइक जेएच 10 बीआर 1904 से घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने मित्र अमित केसरी के साथ धनबाद जा रहा है. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला. सोमवार सुबह उसकी हत्या की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया. मृतक लोदना क्षेत्र की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में हॉलपैक चालक के रूप में कार्यरत था और घटना वाले दिन ड्यूटी पर नहीं गया था.
अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों ने देखा रक्तरंजित शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे लोगों ने यात्री शेड में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और नमूने एकत्र कर जांच शुरू की. मृतक के पिता नौशाद अंसारी की शिकायत पर जोड़ापोखर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मृतक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है. फिलहाल मोबाइल बरामद नहीं हो सका है.