धनबाद. गया की ओर जा रही एक मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर सफर कर रहे एक युवक को सोमवार सुबह ओवरहेड बिजली तार से जोरदार झटका लग गया. इस दर्दनाक हादसे में 25 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ की टीम ने उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: बीसीसीएल के खनन विस्तार नोटिस से खरखरी में आक्रोश, 10 हजार की आबादी पर क्यों मंडराया खतरा
गया लेन में जा रही थी मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी धनबाद से गया की ओर जा रही थी. गोमो स्टेशन पहुंचने से पहले एक युवक ट्रेन की बोगी के ऊपर लेटा हुआ था. सुबह करीब छह बजे गोमो स्टेशन पर जैसे ही मालगाड़ी रुकी, युवक ऊपर से उठने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट क्षमता वाले हाई-टेंशन ओवरहेड बिजली तार के संपर्क में आ गया. झुलसते ही युवक मालगाड़ी के ऊपर ही गिर पड़ा.
पहचान कराने में जुटी पुलिस
हादसे के बाद झुलसा युवक बोलने और बात करने की स्थिति में नहीं है. घटना के बाद गोमो स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को नीचे उतारा और प्राथमिक चिकित्सा दी. इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया. पुलिस और आरपीएफ की टीम घायल युवक की पहचान में जुट गई है, हालांकि अभी तक उसके नाम और पते के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है.
ये भी पढ़ें: दरभंगा के गांव से इसरो तक का सफर: जानें कौन हैं EOS-05 मिशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ इम्तियाज
