Dhanbad News: निरसा में युवक की पीट-पीट कर हत्या, ग्रामीणों ने घेरा थाना

Dhanbad News: शीतला मेला देखने गया था गोपालगंज गांव का बिट्टू धीवर

Dhanbad News: निरसा थाना क्षेत्र के वीरसिंहपुर स्थित खुदिया तीन नंबर पुल के नीचे निरसा के गोपालगंज गांव निवासी मनबोध धीवर के पुत्र बिट्टू धीवर (19) की बुधवार की रात 10 बजे कुछ युवकों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन घटनास्थल पहुंचे और बिट्टू को उठा कर आसनसोल के अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इधर, गुरुवार की दोपहर तीन बजे आसनसोल महकमा अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद बिट्टू का शव निरसा लाया गया. इसके बाद करीब 500 ग्रामीणों ने निरसा थाना गेट पर शव रख थाने का घेराव किया. आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. राजद नेता तारापदो धीवर, कार्तिक धीवर, बबलू धीवर तथा मृतक के परिजनों के साथ निरसा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती की वार्ता हुई. थाना प्रभारी ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया. इसके बाद लोग शांत हुए और शाम पांच बजे शव लेकर गांव चले गये.

क्या है मामला

बिट्टू धीवर बुधवार की शाम शीतला मेला देखने वीरसिंहपुर गया था. मेले में उसके फुफेरा भाई पांड्रा गांव निवासी रोहित धीवर ने फूल-बेलपत्र की दुकान लगायी है. रोहित ने हाल ही में मैट्रिक की परीक्षा दी है. परीक्षा के अंतिम दिन टेंपो में आगे की सीट पर बैठने को लेकर रोहित के साथ पांड्रा गांव के अरूप धीवर का बरवा उवि के पास विवाद हुआ था. इधर, मेला देखने आये बिट्टू अपने फुफेरे भाई की दुकान में बैठा हुआ था. परिजनों के अनुसार इसी दौरान पांड्रा गांव निवासी अरूप धीवर, विक्रम धीवर, मलिंगा बाउरी के अलावा अन्य तीन-चार अज्ञात युवक दुकान में पहुंचे. परीक्षा के अंतिम दिन हुए विवाद को लेकर उनलोगों ने रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी. बिट्टू ने छुड़ाने का प्रयास किया, तो उसके साथ भी आरोपी मारपीट करने लगे. मेले में मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया. इसके बाद सभी लोग करीब 600 फीट दूर वीरसिंहपुर खुदिया तीन नंबर पुल के पास पहुंच गये. परिजनों के अनुसार आरोपियों ने पुल के पास पुनः रोहित एवं बिट्टू के साथ मारपीट करने लगे.

बिट्टू को पुल से नीचे धकेला, फिर बुरी तरह पीटा

रोहित के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपी मलिंगा बाउरी पुल करीब 25 फीट नीचे बिट्टू को लेकर कूद गया. उसके बाद अरूप और विक्रम भी पुल के नीचे उतर गये. इस दौरान गाद व पानी भरा डोभा में बिट्टू के साथ आरोपियों ने बुरी तरह मारपीट की. इससे बिट्टू का सिर गाद व पानी में डूब गया. इसके बाद सभी आरोपी वहां से भाग गये. रोहित ने घटना की सूचना बिट्टू के परिजनों को दी. इसके बाद परिजन पहुंचे और बिट्टू को उठा कर अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घर का इकलौता चिराग था बिट्टू, परिजनों का बुरा हाल

बिट्टू अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी एक बहन है. उसके पिता मनबोध धीवर मछली का कारोबार करते हैं. घटना के बाद उसकी मां बार-बार अचेत हो जा रही थी. उसकी बहन का रो-रो कर बुरा हाल था. घटना के बाद गुरुवार को गोपालगंज के घरों में चूल्हे नहीं जले. गोपालगंज मोड़ की दुकानें बंद रहीं. घटना से गांव में मातम है.

तीन नामजद व अन्य पर हत्या का मामला दर्ज

इस संबंध में बिट्टू के पिता मनबोध धीवर की शिकायत पर निरसा थाना में तीन आरोपियों अरूप धीवर, विक्रम धीवर, मलिंगा बाउरी व अन्य के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

आरोपियों की शीघ्र होगी गिरफ्तारी : थानेदार

इस संबंध में निरसा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने कहा कि घटना काफी दुखद है. पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है. आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Om prakash rawani

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >