सरायढेला थाना क्षेत्र के लोहारकुल्ही में बुधवार को मां से हुई कहासुनी के बाद एक 18 वर्षीय युवती ने फिनाइल पी लिया. घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गयी. परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है.
गुस्से में उठाया कदम
परिजनों के अनुसार किसी बात को लेकर युवती की अपनी मां से कहासुनी हो गयी थी. विवाद के बाद वह गुस्से में आ गयी और घर में रखा फिनाइल पी लिया. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई.
अस्पताल में चल रहा उपचार
स्थिति गंभीर होने पर परिजन तत्काल युवती को एसएनएमएमसीएच लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया. फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकीय टीम नजर बनाये हुए है.
पुलिस ने ली मामले की जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली. हालांकि परिजनों की ओर से अब तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
