वरीय संवाददाता, धनबाद,
पर्यावरण संरक्षण में हरियाली का खासा महत्व है. इसलिए कहा जाता है कि ‘जिधर हरियाली, उधर है खुशहाली’. यह बात इसलिए भी सही है क्योंकि इस वर्ष धनबाद सहित पूरा देश भीषण गर्मी की चपेट में है. तापमान अपने उच्चतम स्तर का आये दिन नया रिकार्ड बना रहा है. ऐसे में प्रभात खबर ने हरियाली के महत्व को समझाने के लिए शहर के वैसे हिस्सों जहां अधिक हरियाली है और जहां बिल्कुल भी पेड़ पौधे नहीं हैं, का तुलनात्मक अध्ययन किया है. इसमें जो बात सामने आयी कि भीषण गर्मी के बीच भी शहर के हरियाली वाले क्षेत्र राहत दे रहे हैं. ऐसे क्षेत्रों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया. बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.आइआइटी कैंपस और बीबीएमकेयू कैंपस :
शहर में दो बड़े शिक्षण संस्थानों का परिसर है, पुलिस लाइन के पास आइआइटी आइएसएम और भेलाटांड़ स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय. एक ओर जहां आइआइटी आइएसएम परिसर हरियाली से भरा हुआ है. वहीं दूसरी बीबीएमकेयू परिसर में एक भी पेड़ नहीं है. दोपहर में एक बजे बीबीएमकेयू परिसर में तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस था. वहीं दोपहर 1.30 बजे आइआइटी परिसर में तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया.एलसी रोड और आठ लेन :
आठ लेन रोड पर एक भी पेड़ नहीं है. यहां दोपहर एक बजे तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस था. वहीं एलसी रोड पर दोपहर 1.15 तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस था. दिन में सबसे कम तापमान कोयलानगर और सिंफर परिसर में था. कोयलानगर में दिन 2.00 बजे 36.6 डिग्री तापमान था. वहीं सिंफर परिसर में दोपहर 1.10 में तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस था.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
